WhatsApp’s Username Revolution: Privacy Boost or New Security Challenge?
व्हाट्सऐप का बड़ा प्राइवेसी अपडेट: अब फोन नंबर नहीं, सिर्फ Username से होगी चैट!
Meta के स्वामित्व वाले WhatsApp ने एक बड़ा बदलाव ऐलान किया है, जिसके तहत अब यूजर्स बिना अपना मोबाइल नंबर शेयर किए केवल Username के जरिए एक-दूसरे से जुड़ सकेंगे। कंपनी का कहना है कि यह फीचर यूजर्स की Privacy को और मजबूत बनाने के लिए लाया जा रहा है।
नई व्यवस्था के तहत यूजर्स 3 से 35 कैरेक्टर तक का अपना यूनिक Username रिजर्व कर सकेंगे। इसमें अंग्रेजी के अक्षर, नंबर, डॉट और अंडरस्कोर का इस्तेमाल किया जा सकेगा। यह प्रक्रिया WhatsApp के लेटेस्ट वर्जन में Settings > Account > Username पर जाकर पूरी की जा सकती है।
Meta के मुताबिक, यह फीचर खासतौर पर उन लोगों के लिए मददगार होगा जो अपना निजी मोबाइल नंबर अनजान लोगों से साझा नहीं करना चाहते। इससे बातचीत के दौरान नंबर की गोपनीयता बनी रहेगी और यूजर्स को एक नई सुरक्षा परत मिलेगी।
हालांकि, इस अपडेट को लेकर कई सवाल भी उठ रहे हैं। सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि बिना नंबर की पहचान के स्कैमर्स और फ्रॉड करने वालों को ट्रैक करना ज्यादा मुश्किल हो सकता है। खासकर बुजुर्गों के लिए यह नई प्रणाली समझना चुनौतीपूर्ण हो सकती है, जिससे ऑनलाइन धोखाधड़ी का खतरा बढ़ सकता है।
WhatsApp ने साफ किया है कि ये Username सोशल मीडिया हैंडल्स की तरह सार्वजनिक रूप से सर्चेबल नहीं होंगे और न ही ऐप किसी को सुझाव देगा। किसी से पहली बार संपर्क करने के लिए सामने वाले का सटीक Username पता होना जरूरी होगा।
फिलहाल Username रिजर्वेशन की सुविधा इस सप्ताह से वैश्विक स्तर पर शुरू हो गई है, जबकि इसका पूरा रोलआउट 2026 के अंत तक होने की संभावना है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि यह फीचर यूजर्स की प्राइवेसी को कितना मजबूत बनाता है और सुरक्षा एजेंसियों के लिए कितनी नई चुनौतियां खड़ी करता है।
Comments
Post a Comment
Drop a comment!