Skip to main content

FDA Busts Massive Milk Adulteration Racket: Thousands of Litres Destroyed in Mumbai and Maharashtra Raids


FDA Busts Massive Milk Adulteration Racket: Thousands of Litres Destroyed in Mumbai and Maharashtra Raids

ब्रेकिंग: दूध में मिलावट का बड़ा खुलासा, मुंबई से संभाजीनगर तक FDA की ताबड़तोड़ कार्रवाई

महाराष्ट्र में दूध में मिलावट के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) की बड़ी कार्रवाई ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। मुंबई के दहिसर और छत्रपति संभाजीनगर में संयुक्त छापेमारी के दौरान ऐसे गिरोहों का पर्दाफाश हुआ है जो लोगों की सेहत से खिलवाड़ करते हुए दूध में पानी और अन्य पदार्थ मिलाकर बेच रहे थे। इस कार्रवाई के बाद बड़ी मात्रा में संदिग्ध और मिलावटी दूध मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

मुंबई के दहिसर पूर्व स्थित दुबे चॉल नंबर-2 में 9 जुलाई 2026 की सुबह FDA और क्राइम ब्रांच यूनिट-12 की संयुक्त टीम ने छापा मारकर एक आरोपी को रंगे हाथों पकड़ा। जांच में सामने आया कि प्रतिष्ठित कंपनियों के दूध के पाउच खोलकर उनमें पानी और अन्य पदार्थ मिलाए जा रहे थे। मौके पर 470 लीटर मिलावटी दूध, जिसकी अनुमानित कीमत 29,750 रुपये थी, सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए खतरनाक मानते हुए नष्ट कर दिया गया। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर दहिसर पुलिस स्टेशन में FIR नंबर 1012/2026 दर्ज की गई है। आगे की जांच के लिए दूध के नमूने भी जब्त किए गए हैं।

वहीं, 8 जुलाई 2026 को छत्रपति संभाजीनगर के फुलंब्री स्थित सिद्धेश्वर मिल्क डेयरी पर FDA और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में व्हे परमिएट पाउडर से कथित रूप से नकली दूध तैयार किए जाने का मामला सामने आया। छापेमारी के दौरान लगभग 496 किलोग्राम पाउडर जब्त किया गया तथा 3,498 लीटर संदिग्ध मिश्रित दूध मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

जांच में यह भी सामने आया कि यह दूध शिवकृपा मिल्क डेयरी के नाम से आगे सप्लाई किया जा रहा था। अनियमितताएं पाए जाने पर सिद्धेश्वर डेयरी और शिवकृपा डेयरी दोनों के फूड लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए। जांच एजेंसियों के अनुसार यह दूध आगे मराठवाड़ा मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी तथा गुजरात के पंचमहल कोऑपरेटिव मिल्क प्रोड्यूसर्स तक भी भेजा जा रहा था।

इस मामले में कई लोगों और संबंधित संस्थाओं के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, 2023 तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की विभिन्न धाराओं के तहत फुलंब्री पुलिस स्टेशन में FIR नंबर 0355/2026 दर्ज की गई है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

🎥📸 सौजन्य: Food and Drug Administration

#SafeFoodSafeMaharashtra #FoodAdulteration #FDAMAharashtra #Mumbai #ChhatrapatiSambhajinagar #PublicHealth #MilkAdulteration #FoodSafety #BreakingNews #Maharashtra #HealthAlert #FDAAction #CrimeNews #Khabarface2face

Comments