Skip to main content

Morning Walk Turns Into a Safety Hazard at Malvani Gate No. 8: Garbage, Drug Abuse, Stray Dogs, Broken Infrastructure Raise Public Concern


Morning Walk Turns Into a Safety Hazard at Malvani Gate No. 8: Garbage, Drug Abuse, Stray Dogs, Broken Infrastructure Raise Public Concern

मालवणी गेट नंबर 8 के पट्टा वाला रोड पर मॉर्निंग वॉक बनी जोखिम! कचरा, बदबू, नशाखोरी, आवारा कुत्ते और टूटी सुविधाओं से जनता परेशान

मुंबई के मालवणी, मालाड स्थित गेट नंबर 8 के पट्टा वाला रोड पर मॉर्निंग वॉक और व्यायाम के लिए आने वाले लोगों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य सुधारने के उद्देश्य से आने वाले नागरिकों को यहां प्रवेश करते ही कचरे के ढेर और बदबू का सामना करना पड़ता है, जिससे स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है।

आगे बढ़ने पर आवारा कुत्तों के झुंड लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं। वहीं वॉकिंग ट्रैक और मैदान के आसपास कई युवा खुलेआम धूम्रपान और नशा करते दिखाई देते हैं, जिससे वातावरण दूषित हो रहा है और सुबह की ताजी हवा भी धुएं से प्रभावित हो रही है।

स्थानीय नागरिकों ने यह भी बताया कि व्यायाम के लिए लगाए गए उपकरणों के पास पुराने झूलों के लोहे के खुले फाउंडेशन अब भी जमीन से बाहर निकले हुए हैं, जिससे खिलाड़ियों और मॉर्निंग वॉक करने वालों को चोट लगने का खतरा बना रहता है। मैदान के चारों ओर लगी सुरक्षा जाली भी कई स्थानों पर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है।

इसी मुद्दे को लेकर मालाड के विधायक असलम शेख ने हाल ही में महाराष्ट्र विधानसभा में मुंबई में लगातार घटती खुली जगहों (ओपन स्पेस) पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने राष्ट्रीय आधारभूत नियोजन नीति (National Basic Policy) का उल्लेख करते हुए कहा कि उसके अनुसार प्रत्येक 1,000 की आबादी पर लगभग 0.5 हेक्टेयर खेल मैदान (Playground) तथा 0.8 हेक्टेयर खुली जगह या उद्यान (Open Space/Garden) उपलब्ध होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसके विपरीत मुंबई में लगभग 90 प्रतिशत ओपन स्पेस की कमी है, जबकि खेल मैदानों के बढ़ते व्यावसायीकरण और स्कूलों व अस्पतालों के निजीकरण जैसी समस्याएं भी लगातार बढ़ रही हैं। उनका कहना था कि यदि समय रहते इन मुद्दों पर ठोस और प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में मुंबईवासियों के लिए पर्याप्त खेल मैदान, हरित क्षेत्र और सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना एक बड़ी चुनौती बन जाएगा।


मैदान के भीतर जगह-जगह शराब और बीयर की खाली बोतलें पड़ी होने से लोगों में नाराज़गी है। स्थानीय लोग व्यंग्य में इस मैदान को "बीयर बार वाला मैदान" तक कहने लगे हैं। इसके अलावा पार्क परिसर में लगी एक स्ट्रीट लाइटों के खंभा भी क्षतिग्रस्त होकर नीचे गिर चुके हैं, लेकिन अब तक उनकी मरम्मत नहीं की गई है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जनता के टैक्स के पैसे से विकसित की गई इन सुविधाओं का उचित रखरखाव नहीं हो रहा है। लोगों का सवाल है कि क्या संबंधित विभाग कभी इस ओर गंभीरता से ध्यान देगा, ताकि नागरिक सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण में मॉर्निंग वॉक और व्यायाम कर सकें।

#Malvani #Malad #khabarface2face #Mumbai #MorningWalk #PublicSafety #CleanMumbai #GarbageIssue #DrugFreeIndia #Encroachment #GroundMaintenance #CitizenVoice #BMC

Comments