Malvani Residents Raise Development Concerns as Encroachment Grows Amid Road Construction
मालवणी के विकास पर उठे बड़े सवाल, गेट नंबर 8 बस डिपो के सामने सड़क निर्माण के बीच बढ़ा अतिक्रमण
मुंबई के मालाड स्थित मालवणी गेट नंबर 8 बस डिपो के सामने मुख्य सड़क पर इन दिनों सड़क निर्माण का कार्य जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण के तहत गटर का काम पूरा होने के बाद जिस क्षेत्र को पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए खुला छोड़ा जाना चाहिए था, वहां अब बड़े पैमाने पर अतिक्रमण देखने को मिल रहा है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, कहीं गटर के ऊपर पाइपलाइन खड़ी कर दी गई है, कहीं घरों में जाने के लिए स्थायी सीढ़ियां बना दी गई हैं, तो कहीं अन्य निर्माण कर पूरे क्षेत्र को घेर लिया गया है। लोगों का कहना है कि यदि यह स्थान अतिक्रमण मुक्त रहता तो पैदल चलने वालों को काफी राहत मिल सकती थी, क्योंकि इस सड़क की चौड़ाई पहले से ही बहुत कम है। ऐसे में जब सड़क पर वाहनों की आवाजाही बढ़ेगी तो आम जनता आखिर किस रास्ते से चलेगी? लोगों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि क्या प्रशासन इस अतिक्रमण को हटाएगा या फिर इसे ऐसे ही रहने दिया जाएगा।
इसी के साथ सड़क और फुटपाथ पर एक बार फिर भाजी मार्केट सजने लगी है। कई स्थानों पर कचरे के ढेर भी दिखाई दे रहे हैं। जहां फुटपाथ होना चाहिए, वहां बाजार लग जाता है और जहां थोड़ी सी खाली जगह मिलती है, वहां पार्किंग शुरू हो जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मालवणी में शायद ही कोई ऐसी जगह बची हो जहां अतिक्रमण नजर न आता हो।
मालवणी के विकास को लेकर भी नागरिकों में नाराजगी दिखाई दे रही है। उनका कहना है कि इलाके में पर्याप्त गार्डन नहीं हैं, बच्चों के खेलने के लिए अच्छे मैदानों की कमी है, पैदल चलने के लिए व्यवस्थित फुटपाथ नहीं हैं। इसके अलावा बेहतर अस्पतालों और अच्छी स्कूलों की आवश्यकता भी लंबे समय से महसूस की जा रही है।
अब यहां की जनता कई सवालों के जवाब का इंतजार कर रही है। आखिर मालवणी कब अतिक्रमण मुक्त होगी? कब कचरा मुक्त बनेगी? कब ट्रैफिक की समस्या से राहत मिलेगी? कब लोगों को सुरक्षित और व्यवस्थित फुटपाथ मिलेंगे? कब बच्चों को अच्छे खेल मैदान उपलब्ध होंगे? कब बेहतर अस्पताल और गुणवत्तापूर्ण स्कूलों की सुविधा मिलेगी?
ये ऐसे सवाल हैं जो केवल स्थानीय निवासियों की परेशानी नहीं, बल्कि मालवणी के समग्र विकास की तस्वीर भी पेश करते हैं। अब देखना होगा कि संबंधित प्रशासन और जनप्रतिनिधि इन मुद्दों पर कब और क्या कदम उठाते हैं।