Uproar Over Kunal Kamra's Parody, Shiv Sena Workers Attack Studio
कुणाल कामरा की पैरोडी पर बवाल, शिवसेना कार्यकर्ताओं ने किया स्टूडियो पर हमला
#KunalKamra #ShivSena #EknathShinde #ComedyControversy #khabarface2face
मुंबई: स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे पर उनकी हालिया पैरोडी को लेकर शिवसेना (शिंदे गुट) के कार्यकर्ता भड़क गए। इसके विरोध में शिवसेना कार्यकर्ताओं ने खार स्थित 'द हैबिटेट कॉमेडी क्लब' में तोड़फोड़ कर दी, जहां इस शो की शूटिंग हुई थी।
इस घटना के बाद कुणाल कामरा ने सोशल मीडिया पर संविधान की एक प्रति हाथ में लिए हुए एक तस्वीर साझा की और लिखा, "यही एक मात्र रास्ता है।"
शिवसेना नेताओं की प्रतिक्रिया
शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "मैं कुणाल कामरा को लंबे समय से जानता हूं। उन्होंने हम पर भी इसी तरह की टिप्पणियां की हैं। अगर कोई व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं है और वह सिर्फ राजनीतिक विचारधारा पर आधारित है, तो उसे स्वीकार करना चाहिए। लोकतंत्र की यही खूबसूरती है। लेकिन स्टूडियो पर हमला करना गुंडागर्दी है।"
वहीं, शिवसेना नेता संजय निरुपम ने कुणाल कामरा को खुलेआम धमकी देते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, "कल 11 बजे कुणाल कामरा की धुलाई करेंगे।"
शिवसेना सांसद नरेश म्हास्के ने भी कामरा पर निशाना साधते हुए कहा, "कुणाल कामरा पैसे लेकर टिप्पणियां कर रहे हैं। महाराष्ट्र तो छोड़िए, भारत में भी वे अब आजादी से घूम नहीं सकते। शिवसैनिक उन्हें उनकी जगह दिखा देंगे।"
कुणाल कामरा पर दर्ज हुआ ज़ीरो एफआईआर
इस विवाद के बीच, शिवसेना (शिंदे गुट) के विधायक मुरजी पटेल की शिकायत पर मुंबई पुलिस ने कुणाल कामरा के खिलाफ ज़ीरो एफआईआर दर्ज कर ली है।
उन पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 353(1)(b) (झूठी अफवाहें फैलाना), धारा 352 (शांति भंग करने के लिए उकसाना), और धारा 356(2) (मानहानि) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
क्या है पूरा विवाद?
कुणाल कामरा ने अपने स्टैंड-अप शो में शिवसेना के विभाजन और डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे को लेकर टिप्पणी की थी। इसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे शिवसेना (शिंदे गुट) के कार्यकर्ता भड़क उठे।
शिवसेना (शिंदे गुट) ने कानूनी कार्रवाई की मांग की है और चेतावनी दी है कि अगर कामरा माफी नहीं मांगते, तो वे और उग्र प्रदर्शन कर सकते हैं।
Comments
Post a Comment
Drop a comment!